
इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुए हमले के बाद अब सरकार एक्शन में आ गई है।उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर रात बांद्रा स्थित उनके आवास पर जाकर टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। ) Eknath Shinde Meets Tiger Shroff After Attack, Says No Gangsterism Will Be Tolerated In Mumbai)
इस दौरान उन्होंने टाइगर और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उन्हें ढांढस बंधाया।
मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, गनीमत रही कि वह इस हमले में सुरक्षित बच गए। इस घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत और चिंता में है।
शिंदे ने बताया कि टाइगर का किसी से कोई विवाद या झगड़ा नहीं है, इसके बावजूद एक युवा अभिनेता पर इस तरह जानलेवा हमला होना गंभीर है। इस घटना से उनकी मां आयशा श्रॉफ काफी मानसिक तनाव में हैं।
*शिंदे ने कहा — मुंबई में किसी भी गैंग की दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने जानकारी दी कि मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है, पुलिस आयुक्त ने विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही अपराधियों को पकड़कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त को फिल्म इंडस्ट्री के सभी कलाकारों और अभिनेताओं की सुरक्षा की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
बिश्नोई गैंग या अन्य गैंग द्वारा सेलिब्रिटी को धमकाने के सवाल पर शिंदे ने सख्त लहजे में कहा, “मुंबई या महाराष्ट्र में किसी भी गैंग की दहशत और सेलिब्रिटी को धमकाने की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी ऐसा करेगा उसे पुलिस मुंहतोड़ जवाब देगी।”
उन्होंने याद दिलाया कि 90 के दशक में मुंबई का गैंगवार पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर खत्म किया था, अब भी अगर कोई दहशत फैलाने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अंत में शिंदे ने सभी कलाकारों से अपील की कि अगर किसी को भी किसी गैंग से धमकी भरा फोन या मैसेज आता है तो तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क करें। सरकार और आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, सरकार कलाकारों के साथ मजबूती से खड़ी है।




