Breaking News

मुंबई से बड़ी खबर, अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस, मुंबई पुलिस ने अपनाया कठोर रुख

मुंबई।  बॉलीवुड अभिनेता और सुपरस्टार आमिर खान के भांजे इमरान खान  को मुंबई पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। अभिनेता को 28 अक्टूबर 2026 तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इमरान खान पर आरोप है कि उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमरान खान 10 अक्टूबर 2026 को मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP संगठन द्वारा आयोजित किया गया था। इस दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान सहित 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। गामदेवी पुलिस स्टेशन में इस संबंध में FIR No. 813/2026 दर्ज की गई है।

जांच में सामने आया है कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन शहर में हुआ था। उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट है और वे भारत में OCI (Overseas Citizen of India) कार्ड पर रह रहे हैं।

नियमानुसार, OCI कार्ड धारक या कोई भी विदेशी नागरिक भारत में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि या विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सकता। इमरान खान पर इसी नियम के उल्लंघन का आरोप है। उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

किरीट सोमैया की शिकायत पर एक्शन
इस मामले में भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने शिकायत दर्ज कराई थी। सोमैया ने 13 अक्टूबर को संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को पत्र लिखकर मांग की थी कि इमरान खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके विदेश जाने पर रोक लगाई जाए।

मुंबई पुलिस और FRRO (Foreigners Regional Registration Office) की संयुक्त जांच के बाद यह नोटिस जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इमरान खान ने नोटिस प्राप्त कर लिया है।

इमरान का बयान
हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान खान ने कहा था, “मैं यहां एक नागरिक के तौर पर, इस शहर में रहने वाले एक इंसान के तौर पर आया हूं। मैं यह देखने आया हूं कि आखिर क्यों लोगों के आने-जाने की आजादी को प्रतिबंधित किया जा रहा है।” फिलहाल इस मामले पर इमरान खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button