Breaking Newsक्राइमठाणे

दृश्यम’ देखकर रचा खौफनाक प्लान, बर्थडे पार्टी के लिए जिगरी दोस्त का ही कर दिया कत्ल

इनसाइट न्यूज स्टोरी 

ठाणे।  फिल्म ‘दृश्यम’ में अजय देवगन ने सबूत मिटाने के लिए जो किया था, वही आइडिया ठाणे के दो नाबालिगों ने अपने दोस्त की हत्या के बाद अपनाया। बर्थडे पार्टी और बाइक खरीदने के लिए पैसे चाहिए थे, तो 10वीं के दो दोस्तों ने अपने ही क्लासमेट की सोने की चेन लूटने का प्लान बनाया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर लाश को पेट्रोल डालकर जला दिया। कासारवडवली पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। ( Inspired By Drishyam, Two Minor Friends Kill Classmate For Birthday Party And Bike )

क्या है पूरा मामला?

24 सितंबर को आजाद नगर, ठाणे पश्चिम में रहने वाले चंद्रकांत कांबले का 17 साल का बेटा शाम 7 बजे घर से निकला और वापस नहीं आया। पिता की शिकायत पर कासारवडवली पुलिस में अपहरण का केस दर्ज हुआ।

पुलिस जब जांच कर रही थी, तो मृतक के ही दो दोस्तों ने पुलिस को गुमराह किया। उन्होंने बताया कि लड़के को ब्रह्मांड सर्कल के पास एक अनजान लड़के के साथ सफेद एक्टिवा पर घोड़बंदर रोड की तरफ जाते देखा है। पुलिस ने 80-90 CCTV फुटेज खंगाले, लेकिन लड़का कहीं नहीं मिला।

पुलिस को गुमराह करने में माहिर निकले नाबालिग

जांच अधिकारी अमोल कोलेकर को शक हुआ कि मृतक के दोस्त विधि-संघर्षग्रस्त बालक नंबर 1 कुछ छुपा रहा है। पूछताछ में वह इतनी सफाई से रोया कि उसे भी अपने दोस्त के गायब होने का दुख है।

लेकिन मोबाइल के टेक्निकल एनालिसिस ने सारा राज खोल दिया। 15 अक्टूबर को जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों टूट गए।

सिगरेट पिलाने के बहाने बुलाकर मारा

दोनों ने कबूला कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी। एक को अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी करनी थी और दूसरे को मोटरसाइकिल खरीदनी थी।

प्लान के मुताबिक 24 सितंबर की रात 8:30 से 9:30 के बीच उन्होंने अपने ही दोस्त को “चल सिगरेट पीते हैं” कहकर ब्रह्मांड फेज-2 की सुनसान झाड़ियों में बुलाया। वहां पहले से रखे चाकू से कई वार किए और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला।

दृश्यम स्टाइल में सबूत मिटाया

हत्या के बाद दोनों ने लाश को झाड़ियों में छिपा दिया। अगले दिन ‘दृश्यम’ फिल्म की तरह सबूत मिटाने के लिए वापस आए और लाश पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मृतक का मोबाइल तोड़कर दूसरी झाड़ी में फेंक दिया ताकि लोकेशन न मिले।

जब पुलिस झाड़ियों में पहुंची तो वहां आधी जली लाश मिली। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के निशान और सबूत इकट्ठा किए।

पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर हत्या और सबूत मिटाने की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया है।

इस पूरी कार्रवाई को परिमंडल-5 के डीसीपी प्रशांत कदम और एसीपी ममता डिसोझा के मार्गदर्शन में सीनियर इंस्पेक्टर निवृत्ती कोळटकर की टीम ने अंजाम दिया।

Related Articles

Back to top button