मुंबई में मिलावटी तेल बेचने वाली 8 दुकानें सील, FDA ने 18.95 करोड़ का तेल जब्त किया

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। दिवाली से पहले मुंबईकरों के खाने में जहर परोसने वालों पर FDA ने शिकंजा कस दिया है। मिलावटी और बिना लेबल वाला खाद्य तेल बेचने पर *बृहन्मुंबई में 8 दुकानों के लाइसेंस निलंबित* कर दिए गए हैं। पूरे महाराष्ट्र में इस अभियान के तहत *80 लाइसेंस सस्पेंड* हुए हैं और *28,753 क्विंटल (28.75 लाख किलो) तेल जब्त* किया गया है, जिसकी कीमत *18.95 करोड़ रुपए* है।
कुर्ला से कांदिवली तक छापेमारी
अन्न व औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर 25 से 29 अक्टूबर के बीच मुंबई में छापेमारी की गई।
जो दुकानें सील हुईं, उनके नाम –
– कुर्ला (पश्चिम) – अंकट ऑइल्स, बैल बाजार
– भायखला – भायखला ऑइल डेपो, एन. एम. जोशी मार्ग
– नागपाडा – राज ऑइल ट्रेडिंग
– गोरेगांव (पूर्व) – आशापुरा ट्रेडर्स, संतोष नगर
– घाटकोपर – दीपा वुड प्रेस्ड ऑइल
– मालाड (पूर्व) – मोमाई ऑइल एंड ग्रेन डेपो
– कांदिवली (पश्चिम) – अजंता ऑइल ट्रेडिंग कंपनी (2 लाइसेंस)
इन दुकानों पर पुराने डिब्बों में तेल भरकर बेचना, बिना FSSAI नंबर और Expiry डेट के तेल रखना, गोदाम में गंदगी और लैब न होने जैसी खामियां मिलीं।
राज्य में सबसे ज्यादा कार्रवाई संभाजीनगर-पुणे में
FDA की रिपोर्ट के मुताबिक 1 अप्रैल से 29 अक्टूबर तक 1089 जगहों पर जांच कर 1660 नमूने लिए गए। सबसे ज्यादा 27 लाइसेंस छत्रपति संभाजीनगर में और 22 पुणे में सस्पेंड हुए हैं। मुंबई में 57 जगहों पर जांच कर 506 क्विंटल तेल जब्त किया गया।
FDA की अपील – खुला तेल न खरीदें
आयुक्त मुंढे ने कहा, “त्योहार में सस्ते के चक्कर में खुला और बिना सील वाला तेल न खरीदें। पैक पर FSSAI लाइसेंस नंबर, पैकिंग डेट और MRP जरूर देखें।” शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-222-365 जारी किया गया है।




