मुंबई लोकल में पावर बैंक फटा, आज से रात में चार्जिंग पर पूरी तरह लगी रोक

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई, 28 अक्टूबर: मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल के महिला डिब्बे में पावर बैंक फटने की घटना के बाद भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। अब ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट पूरी तरह बंद रहेंगे। इससे ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग के लिए परेशानी झेलनी पड़ सकती है। ( Power Bank Explodes in Train, Indian Railways Bans Night Mobile Charging from 11 PM to 5 AM)
मध्य रेलवे के अनुसार पिछले हफ्ते साउथ ईस्टर्न रेलवे के एक डिब्बे में एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग पर लगा था, तभी अचानक धमाके के साथ फट गया। पूरे डिब्बे में धुआं भर गया, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जांच में पता चला कि स्टाफ ने रात में चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए थे, जबकि 2014 से ही रात में चार्जिंग बंद करने का नियम है।
इस हादसे के बाद Railway Board ने सभी 17 जोन को सख्त पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी चार्जिंग पॉइंट का स्विच ऑफ रहेगा, TTE, कोच अटेंडेंट रोज चेक करेंगे, सरप्राइज इंस्पेक्शन होगा। लापरवाही करने वाले स्टाफ पर कार्रवाई होगी।
ये नियम मुंबई लोकल, एक्सप्रेस, राजधानी, सभी ट्रेनों पर लागू है। अगर आप रात की ट्रेन में सफर कर रहे हैं तो पावर बैंक पहले से फुल चार्ज करके रखें।




