Breaking Newsमुंबई

मध्य रेलवे लोकल की खराबी से आफत, 3 यात्रियों की मौत की खबर

रेल यात्रियों के लिए साबित हुआ ब्लैक मंडे

इनसाइट न्यूज स्टोरी

मुंबई:। मध्य रेलवे की लोकल सेवा में आई तकनीकी खराबी ने आज यात्रियों पर आफत ला दी। पीक आवर में हुई इस खराबी के कारण मची अफरा-तफरी और भीड़ में 3 यात्रियों की मौत हो गई। सोमवार रेल यात्रियों के लिए ब्लैक मंडे साबित हुआ।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह 8:30 बजे के करीब मध्य रेलवे की मेन लाइन पर पेंटोग्राफ और सिग्नल में खराबी आ गई। इस वजह से ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, कुर्ला और दादर स्टेशनों पर लोकल ट्रेनें 45 मिनट से 1 घंटे तक जहां-तहां खड़ी रहीं। प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में खचाखच भीड़ जमा हो गई।

धक्का-मुक्की में गई 3 की जान:

भीड़ के दबाव और दम घुटने से दो यात्रियों की मौत ठाणे और कुर्ला स्टेशन पर ही हो गई, जबकि तीसरे यात्री को गंभीर हालत में सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीनों रोजाना की तरह ऑफिस जाने के लिए निकले थे।

मध्य रेलवे प्रशासन ने तकनीकी खराबी को ठीक करने का दावा किया है और कहा है कि सेवाएं अब सामान्य हो रही हैं। GRP ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हार्बर लाइन पर भी असर 

मध्य रेलवे में हुई इस खराबी का असर हार्बर लाइन पर भी देखने को मिला। हार्बर लाइन की लोकल भी रुक रुक कर चल रही थीं। पनवेल से सीएसएमटी तक पहुंचने में जहां आम दिनों में एक घंटा 35 मिनट लगता है वहीं सोमवार यह दूरी दो घंटे से भी अधिक समय में पूरी हुई। यहां भी लोकल 30 से 45 मिनट देरी से चल रही थी।

इस हादसे के बाद यात्री संगठनों ने रेलवे की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। यात्रियों का कहना है कि हर हफ्ते मध्य रेलवे में ऐसी खराबी आती है, लेकिन भीड़ को संभालने का कोई इंतजाम नहीं किया जाता।

Related Articles

Back to top button