सायन सर्कल का जाम भी होगा खत्म, बीएमसी कर रही ब्रिज का विस्तार

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। सायन पूर्व और धारावी को जोड़ने वाले सायन ब्रिज पर यातायात शुरु होने के बाद भी सायन सर्कल पर होने वाला ट्रैफिक जाम वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाता है। खासकर पीक आवर्स में यहां लंबा जाम लग जाता है जिससे चेंबूर से दादर और दादर से चेंबूर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को समस्या होती है। इस समस्या को देखते हुए बीएमसी अब सायन सर्कल के उपर डॉ बाबासाहेब साहेब आंबेडकर ब्रिज का विस्तार कर रही है।
तीन लेन वाले इस ब्रिज का विस्तार कर दो अतिरिक्त लेन बनाने का काम शुरु किया है। इससे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग (सायन सर्कल के पास) भीड़ के समय ठाणे, चेंबूर और सायन की तरफ से दक्षिण मुंबई जाने वाला सफर आसान हो जाएगा। बीएमसी ब्रिज विभाग ने इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने बताया कि यह दो अतिरिक्त लेन के निर्माण पर 130 करोड़ रुपए खर्च किया जा रहा है। बांगर ने कहा कि मध्य रेलवे के सहयोग सायन ब्रिज को यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस ब्रिज के पश्चिम में कुर्ला की तरफ लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर और धारावी की तरफ संत रोहिदास मार्ग पर, साथ ही पूर्व में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग की तरफ, ऐसे तीन मुख्य रास्तों की दिशा में भराव डालकर पहुंच मार्ग बनाए गए हैं। ब्रिज शुरू होने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
लेकिन पिछले कुछ सालों में वाहनों की संख्या बढ़ने से पीक ऑवर्स में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर सायन सर्कल के पास जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। मौजूदा फ्लाईओवर पर 2+1 लेन की व्यवस्था है। जिसमें ठाणे और पूर्वी उपनगरों (उत्तर दिशा) की ओर जाने वाले वाहनों के लिए 2 लेन और दक्षिण मुंबई में सीएसएमटी की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए 1 लेन है। अब इसके समानांतर दो अतिरिक्त लेन वाला ब्रिज बनाया जा रहा है। सायन सर्कल के पास होने वाले जाम को देखते हुए इस हिस्से से दो अतिरिक्त ट्रैफिक कम करने का प्रयास किया जाएगा।
ब्रिज पर पांच लेन होने से जिस तरफ अधिक ट्रैफिक होगा वहां तीन यानी एक लेन अधिक खोल कर ट्रैफिक खत्म किया जाएगा।
विस्तारित दो लेन का इस्तेमाल ठाणे, चेंबूर से आने के बाद दादर, सीएसएमटी यानी दक्षिण मुंबई की ओर जाने के लिए होगा। इन दो लेन के बनने के बाद कुल 5 लेन उपलब्ध होंगी। सुबह के समय जब ट्रैफिक सीएसएमटी की तरफ होगा तो तीन लेन खोला जाएगा और शाम के समय जब ट्रैफिक ठाणे की तरफ होगा तो तब तीन लेन का उपयोग होगा। हालांकि भीड़ के समय ठाणे, चेंबूर और सीएसएमटी की तरफ जाने के लिए किस लेन का ज्यादा इस्तेमाल करना है, इसका फैसला स्थिति और ट्रैफिक जाम को देखकर ट्रैफिक पुलिस करेगी।
वर्तमान में अतिरिक्त दो लेन वाले ब्रिज की पाइलिंग समेत कुछ काम शुरू हो चुका है और 25% काम पूरा हो गया है। इस ब्रिज की लंबाई 1,320 मीटर और चौड़ाई 7.5 मीटर है। अतिरिक्त आयुक्त बांगर ने बताया कि मौजूदा सायन के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग वाले ब्रिज के समानांतर यह अतिरिक्त दो लेन का ब्रिज बन रहा है। इससे सायन सर्कल के आसपास का जाम भी खत्म होगा और चेंबूर से दादर, सीएसएमटी की ओर जाने के लिए चालकों को अतिरिक्त रास्ता मिलेगा, जिससे सफर आसान होगा। वैसे तो इस प्रोजेक्ट को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन बीएमसी ने इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।




