Breaking Newsमुंबई

BMC ने बदली तबादलों की परिपाटी, 695 इंजीनियरों की पोस्टिंग अब ऑनलाइन, पक्षपात खत्म

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका में अब इंजीनियरों के तबादले साहब की चिट्ठी से नहीं, ऑनलाइन सिस्टम से होंगे। मनपा ने पहली बार जूनियर इंजीनियर, सब इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर संवर्ग के 695 इंजीनियरों का ट्रांसफर ऑनलाइन प्रक्रिया से की है। मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे ने इस लिस्ट को मंजूरी दे दी है और सभी के कार्यादेश जारी हो गए हैं।

इस लिस्ट में 152 कनिष्ठ अभियंता, 444 दुय्यम अभियंता और 99 सहायक अभियंता शामिल हैं। ये सभी सिविल और मैकेनिकल-इलेक्ट्रिकल विंग के हैं। BMC की 2021 की पॉलिसी के अनुसार एक ही विभाग में 3 साल से ज्यादा टिके 25% स्टाफ का तबादला हर साल करना अनिवार्य है। उसी के तहत ये बदली की गई है।

इंजीनियरों ने खुद चुने 5 विकल्प

बीएमसी ने इस बार 5 से 20 सितंबर के बीच सभी पात्र इंजीनियरों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाए। हर इंजीनियर को अपनी पसंद के 5 विभागों का प्रायोरिटी क्रम भरना था। सॉफ्टवेयर ने प्रशासनिक जरूरत, रिक्त पदों और इंजीनियर के आवेदन को मिलाकर ऑटोमेटिक पोस्टिंग कर दी। BMC का दावा है कि अधिकांश को उनकी पहली तीन पसंद में से ही विभाग मिला है।

पूरी प्रक्रिया के लिए एक हाई-लेवल कमेटी बनी थी। डायरेक्टर (ES&P) इसके अध्यक्ष थे, जबकि डिप्टी कमिश्नर (इन्फ्रा), डिप्टी कमिश्नर (स्पेशल इंजीनियरिंग) सदस्य और सिटी इंजीनियर सदस्य सचिव थे।

मानवता का भी ध्यान रखा गया है। गंभीर बीमार, गर्भवती महिला कर्मचारी, दिव्यांग और जिनका रिटायरमेंट एक साल में है, उनके केस को अलग से सुना गया और कई को उनकी विनंती पर उसी जगह बरकरार रखा गया है।

BMC अफसरों का कहना है कि इस ऑनलाइन सिस्टम से जुगाड़-सिफारिश खत्म होगी। हर इंजीनियर को ड्रेनेज, रोड, ब्रिज, वॉटर सप्लाई, बिल्डिंग प्रपोजल जैसे अलग-अलग विभागों में काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उनका एक्सपीरियंस बढ़ेगा और काम में तेजी आएगी।

Related Articles

Back to top button