Breaking Newsमुंबई

दीपावली-छठ पर उत्तर भारत के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग

नहीं मिल रहा टिकट,गांव जाने के लिए बढ़ी छटपटाहट

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। दीपावली और छठ महापर्व पर मुंबई एवं आसपास के क्षेत्रों से उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन और रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठी है। इस संबंध में मुंबई भाजपा के महामंत्री और श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी के नेतृत्व में भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा के प्रतिनिधिमंडल ने मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर त्योहारों के दौरान यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम करने का आग्रह किया। ( BJP Uttar Bhartiya Morcha demand Mumbai to UP Bihar special train)

मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि दीपावली और छठ के दौरान उत्तर भारत की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएं तथा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। इसके अलावा स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक श्रीवास्तव से कहा कि त्योहारों के अवसर पर मुंबई महानगर में बड़ी संख्या में रह रहे उत्तर भारतीय नागरिक अपने गांव और परिवारों के पास जाते हैं। ऐसे में समय रहते रेल सुविधाओं का विस्तार होने से यात्रियों को भीड़ और असुविधा से राहत मिल सकेगी। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि त्योहारों की भीड़ को देखते हुए समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि मुंबई और आसपास रहने वाले उत्तर भारतीय नागरिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा के साथ अपने परिवारों के बीच दीपावली एवं छठ मना सकें।

इस अवसर पर भाजपा मुंबई महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी, भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा मुंबई अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, महामंत्री विनय दुबे, एडवोकेट मनोज जायसवाल, अजीत सिंह, दया शंकर यादव, उपाध्यक्ष प्रभाकर चतुर्वेदी, पूर्व महामंत्री प्रदीप त्रिपाठी एवं विनोद गौड़ सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

गौरतलब हो कि दीपावली,छठ पूजा के अलावा महीने 21 नवंबर से शुभ कार्यों का मुहूर्त शुरू हो रहा है। खासकर विवाह, तिलक, गृहप्रवेश आदि के मुहूर्त होने के कारण भी बड़ी संख्या में लोगों को गांव जाना पड़ रहा है। टिकट नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। फ्लाइट के टिकट भी महंगे हो गए हैं।  ट्रेन टिकटों की दलाली भी बढ़ गई है। विशेष ट्रेन शुरू होती है तो लोगों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button