मुंबई में झुलसाने वाली गर्मी, नवंबर हीट से लोग परेशान
सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा चढ़ा पारा,इस गर्मी से कब मिलेगी राहत?

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। मुंबई में इस बार नवंबर की शुरुआत भी गर्मी के साथ हुई है। दिवाली अभी बाकी है उससे पहले लोगों को भारी तपन का सामना करना पड़ रहा है। अब तक ठंड का कोई असर नहीं दिख रहा।
आज 5 नवंबर को मुंबई के कोलाबा में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। सांताक्रूज में भी 35.4 डिग्री रहा। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और उमस से लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं।
IMD के मुताबिक अरब सागर में बने एंटी-साइक्लोन और कमजोर समुद्री हवाओं की वजह से गर्मी फंसी हुई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5-6 दिन तक ऐसी ही गर्मी बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रहेगा। रात में भी उमस रहेगी। ठंड की असली शुरुआत दिसंबर के पहले हफ्ते से होगी।
रविवार को दिवाली है। उस दिन फटाखे फोड़ने से तापमान और भी बढ़ सकता है। नवंबर में जब तापमान सामान्य रहता है और शाम के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगता है ऐसे समय गर्मी लोगो के पसीने निकाल रही है। फिलहाल रात का तापमान भी 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।




