BMC के 6 अस्पताल 30 साल की लीज पर चलाएंगी प्राइवेट संस्थाएं

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। मुंबईकरों को बेहतर और किफायती इलाज मिले, इसके लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने एक बड़ा कदम उठाया है। मनपा ने अपने 6 अस्पताल भवनों को लीज पर देकर प्राइवेट संस्थाओं से चलाने का निर्णय लिया है।
यह योजना नागरिक स्वास्थ्य सहयोग के तहत पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर लागू की जा रही है। इसमें महानगरपालिका अस्पताल की बिल्डिंग उपलब्ध कराएगी, जबकि चयनित संस्था को डॉक्टर, स्टाफ, उपकरण और दवाइयों के साथ मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल चलाना होगा। यह लीज 30 साल के लिए होगी, जिसमें पहले 15 साल और उसके बाद 15 साल का विस्तार शामिल है।
मनपा द्वारा जिन 6 अस्पतालों को लीज पर दिया जा रहा है, उनमें पश्चिमी उपनगर से लेकर पूर्वी उपनगर तक के अस्पताल शामिल हैं।
इसमें दहिसर पश्चिम के आर/उत्तर वार्ड में ओम कल्याण सोसायटी परिसर में 15 से 25 बेड का अस्पताल, चांदिवली म्हाडा कॉलोनी में 45 से 55 बेड का अस्पताल, अंधेरी पूर्व के मोगरा गांव में सबसे बड़ा 70 से 80 बेड का अस्पताल शामिल है। यह अस्पताल भूतल प्लस 9 मंजिला इमारत में है।
इसके अलावा खार पश्चिम में खार जिमखाना के पीछे 15 से 20 बेड का अस्पताल, मानखुर्द के मंडाला गांव में 25 से 35 बेड का अस्पताल और विक्रोली पश्चिम के पार्कसाइट इलाके में 45 से 55 बेड का अस्पताल भी इस लिस्ट में है।
मनपा का मानना है कि इस फैसले से उपनगरों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को अपने घर के पास ही मल्टी-स्पेशलिटी इलाज मिल सकेगा। इच्छुक संस्थाएं महाटेंडर्स पोर्टल पर आवेदन कर सकती हैं।




