स्वच्छता सर्वेक्षण में नवी मुंबई का डंका, 4751 शहरों को पछाड़कर देश में नंबर-1
राष्ट्रपति के हाथों मिला पुरस्कार, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दी बधाई

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। स्वच्छता के क्षेत्र में नवी मुंबई ने एक बार फिर देश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। देश के कुल 4751 शहरों से मुकाबला करते हुए ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में नवी मुंबई महानगरपालिका ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है और देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम किया है।
नई दिल्ली में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों नवी मुंबई महानगरपालिका को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबईकरों सहित महानगरपालिका की पूरी टीम को दिल से बधाई दी है।
नवी मुंबई को मिली यह सफलता सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने वाले नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। निरंतरता, सुनियोजित कामकाज, प्रभावी कार्यान्वयन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के दम पर नवी मुंबई ने देश के हजारों शहरों को पीछे छोड़कर पहला स्थान पाया है।
इस पुरस्कार समारोह में नवी मुंबई महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, महापौर सुजाता पाटील और उपमहापौर दशरथ भगत मौजूद थे।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शहर की स्वच्छता के लिए आयुक्त, महापौर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और दिन-रात शहर को साफ रखने वाले सफाई कर्मचारियों सहित हर घटक का योगदान महत्वपूर्ण है। नवी मुंबई को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है।




