Breaking Newsमुंबई

KEM अस्पताल में शर्मनाक घटना: प्लास्टर लगा बुजुर्ग मरीज सीढ़ियों से घिसटता हुआ उतरा, लिफ्ट बंद होने से हंगामा

दोषी अधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश

इनसाइट न्यूज स्टोरी

मुंबई। मुंबई महानगरपालिका के सबसे बड़े KEM अस्पताल से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। सेठ धुरमल बजाज अस्थि-व्यंग केंद्र में लिफ्ट बंद होने के कारण पैर में प्लास्टर लगे एक बुजुर्ग मरीज को सीढ़ियों पर बैठकर एक-एक सीढ़ी घिसटते हुए नीचे उतरना पड़ा। (KEM Hospital Lift Fail: Elderly Patient Forced To Crawl Down Stairs)

वीडियो में साफ दिख रहा है कि मरीज को सहारा देने के लिए न व्हीलचेयर है, न स्ट्रेचर, न कोई कर्मचारी। बगल से लोग आ-जा रहे हैं, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा। ऐसी हालत में प्लास्टर पर चोट लगने से फ्रैक्चर बिगड़ सकता है और मरीज की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने जताया आक्रोश

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने तीखा गुस्सा जताया है।

उन्होंने कहा, _”हम स्वास्थ्य व्यवस्था पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करते हैं और अगर हम इलाज के लिए आने वाले मरीज के लिए लिफ्ट की सुविधा भी नहीं दे सकते, तो यह बेहद शर्मनाक बात है। इससे महानगरपालिका की छवि धूमिल हो रही है।”_

भांदिर्गे ने सीधे मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों को दोषी ठहराया

_”इस लिफ्ट का मेंटेनेंस क्यों नहीं हुआ? अगर लिफ्ट खराब थी तो उसे बदलने के प्रयास क्यों नहीं हुए? क्या किसी ने इन्हें काम न करने के लिए कहा था? क्या किसी ने प्रस्ताव रोक कर रखे थे? असल में मुझे किसी को दोष नहीं देना, लेकिन मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों की जिस तरह मनमानी चल रही है, उससे KEM की स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। चाहे वो MRI हो, CT स्कैन हो या लिफ्ट की सेवा हो, उनका बिल्कुल ध्यान नहीं है,”_ उन्होंने कहा।

निलंबन के निर्देश

भांदिर्गे ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग के संबंधित अधिकारियों को तुरंत निलंबित कर उनके पद से हटाया जाए।

Related Articles

Back to top button