MMRDA के अटल सेतू-मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर का 67% काम पूरा, मुंबई से पुणे का सफर 90 मिनट होगा कम
पनवेल में लगने वाला जाम होगा खत्म

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई, 9 नवंबर 2026 मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) की सबसे अहम परियोजना अटल सेतू (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक) से मुंबई-पुणे द्रुतगती महामार्ग को जोड़ने वाले 7.35 किलोमीटर लंबे 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का 67 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। (Atal Setu to Pune Expressway Link Road Mumbai to Pune Travel Time Reduced)
इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दक्षिण मुंबई से पुणे जाने में लगने वाले समय में 60 से 90 मिनट की बड़ी बचत होगी। साथ ही पनवेल के मेन जंक्शन पर लगने वाला घंटों का जाम खत्म होगा और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पुणे और गोवा की तरफ जाना और आसान हो जाएगा।
प्रोजेक्ट क्यों है खास?
यह कॉरिडोर चिर्ले और पलस्पे से होकर गुजरेगा और इसे मौजूदा सड़कों और पुलों के ऊपर तीसरे लेवल पर बनाया जा रहा है। इससे नीचे की ट्रैफिक बिना रुके चलती रहेगी। अटल सेतू से आने वाली गाड़ियों को सीधे पुणे एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए पनवेल जंक्शन पर उतरना नहीं पड़ेगा।
कंस्ट्रक्शन अपडेट:
चिर्ले सेक्शन:
– फाउंडेशन का काम 100% पूरा (113 पाइल्स, 42 ओपन फाउंडेशन)
– 155 में से 153 पिलर खड़े हो चुके हैं (98%)
– डेक स्लैब 49% पूरा (240 में से 117 स्पैन)
– रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) 85% पूरा
पलस्पे सेक्शन:
– पाइल-ग्रुप फाउंडेशन 71% पूरा
– पिलर कास्टिंग 38% पूरा
– RE वॉल पैनल 90% पूरा
आम जनता को क्या फायदा होगा?
1. तेज सफर: दक्षिण मुंबई से पुणे का सफर सीधे अटल सेतू से जुड़ने से 60-90 मिनट तेज।
2. पनवेल में जाम से मुक्ति: अब मुंबई-पुणे और मुंबई-गोवा हाईवे पर जाने के लिए पनवेल जंक्शन पर निर्भरता कम होगी।
3. एयरपोर्ट कनेक्टिविटी: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना और आसान होगा।
4. पोर्ट कनेक्टिविटी: NH-48 (मुंबई-पुणे-बेंगलुरु) और JNPT को जोड़ने वाले NH-348 पर मालवाहतूक तेज होगी।
यह प्रोजेक्ट MMRDA के ‘मुंबई इन 59 मिनट्स’ विजन का हिस्सा है, जिसमें मेट्रो, एक्सप्रेसवे, टनल और रिंग रोड को जोड़कर पूरे MMR में ट्रैफिक को तेज करना है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “अटल सेतु ने मुंबई-नवी मुंबई की दूरी घटाई है, अब यह कनेक्टर महाराष्ट्र के दो सबसे बड़े आर्थिक केंद्रों – मुंबई और पुणे को और करीब लाएगा।”
उपमुख्यमंत्री और MMRDA अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा, “बड़े प्रोजेक्ट का फायदा आम आदमी तक पहुंचना चाहिए। बचा हुआ हर मिनट परिवार के लिए ज्यादा समय और बिजनेस के लिए ज्यादा प्रोडक्टिविटी है।”
MMRDA आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने बताया कि दोनों सेक्शन में काम तेज गति से चल रहा है और जल्द ही यह महत्वपूर्ण लिंक पूरा होगा।




