मुंबई में पहले रोपवे का रास्ता साफ, मुलुंड से तारामती माता मंदिर तक बनेगा रोपवे
पीडब्ल्यूडी ने निकाला टेंडर

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई, 9 नवंबर 2026: मुंबई में पहले रोपवे प्रोजेक्ट की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुलुंड के पहाड़ों से संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (SGNP) में स्थित तारामती माता मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे बनाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने सलाहकार की नियुक्ति के लिए निविदा जारी की है।
मुलुंड के भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान इस रोपवे की मांग की थी और वादा किया था कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह प्रोजेक्ट लाया जाएगा।
प्रोजेक्ट सिर्फ मुलुंड तक ही सीमित रहेगा – मिहिर कोटेचा
विधायक मिहिर कोटेचा ने साफ किया है कि यह रोपवे मुलुंड से बोरीवली तक नहीं जाएगा जैसा कि चर्चा थी। यह रोपवे सिर्फ मुलुंड तक ही सीमित रहेगा। मुलुंड के तलहटी से तारामती माता मंदिर तक ही इसका कनेक्शन होगा।
उन्होंने कहा, “मुंबई में फिलहाल एक भी रोपवे नहीं है। यह प्रोजेक्ट मुलुंड के साथ पूरे मुंबई के पर्यटन को बढ़ावा देगा। विस्तृत डिजाइन बनने और केंद्र सरकार के वन और पर्यावरण विभाग से मंजूरी मिलने के बाद ही आगे का काम होगा।
1. पहाड़ की चोटी पर एक *ऑब्जर्वेटरी टावर (निरीक्षण मीनार)* बनाया जाएगा।
2. इस टावर से संजय गांधी नेशनल पार्क और तुलसी झील का विहंगम दृश्य पर्यटकों को दिखेगा।
3. रोपवे से पर्यटक तारामती माता मंदिर के दर्शन भी कर सकेंगे।
निविदा में सलाहकार का क्या काम होगा?
नियुक्त सलाहकार को रोपवे के लिए सही रास्ता और जगह तय करनी होगी, जमीन का एरिया निश्चित करना होगा, इंटरनेशनल रोपवे प्रोजेक्ट्स का अध्ययन करना होगा। इसके अलावा टोपोग्राफिक सर्वे, जियोटेक्निकल जांच, जल सर्वेक्षण, शुरुआती और अंतिम स्टेशन की जगह तय करना और पूरे प्रोजेक्ट की लागत का अनुमान लगाना होगा। साथ ही पर्यावरण, वन क्षेत्र और वन्यजीवों पर होने वाले असर का भी अध्ययन करना होगा।



