इस साल नहीं होगी मुंबई की सड़कों की धुलाई, मनपा की स्थायी समिति ने लगाई रोक

इनसाइट न्यूज स्टोरी
मुंबई। मुंबई में प्रदूषण रोकने के लिए वर्ष 2023 से होने वाली सड़कों की धुलाई इस वर्ष नहीं होगी। बीएमसी प्रशासन ने वायु प्रदूषण बढ़ने पर सड़कों की धुलाई के लिए 8 करोड़ रुपए का प्रस्ताव लाया था जिसे स्थायी समिति ने खारिज कर दिया।
यह भी पढ़ें – निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल रोकने एक्शन मोड में बीएमसी
स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने कहा कि राज्य में पहले ही सूखे के कारण 10% पानी कटौती चल रही है। सड़कों की धुलाई में बहुत पानी बर्बाद होगा। यह कहते हुए प्रस्ताव वापस कर दिया।
मुंबई में साल 2023 से हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। इस पर कोर्ट ने भी बीएमसी के काम पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद बीएमसी ने अक्टूबर 2023 में एक सर्कुलर जारी कर कंस्ट्रक्शन साइट्स पर प्रदूषण नियंत्रण के नियम लागू किए थे और शहर के 26 वार्डों में 60 फीट से ज्यादा चौड़ी सड़कों को रोज पानी से धोना शुरू किया था। इस साल भी बीएमसी 7 जोन में 150 दिनों के लिए पानी के टैंकर किराए पर लेने का फैसला किया गया था। पुराने ठेकेदारों का कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद नया टेंडर निकालकर ठेकेदारों का सिलेक्शन भी कर लिया गया था।
प्रस्ताव के मुताबिक, मुंबई की करीब 677 किलोमीटर लंबी 377 मुख्य सड़कों को रोजाना धोया जाना था। इसके लिए 2000, 5000 और 10,000 लीटर क्षमता वाले कुल 213 टैंकर लिए जाने थे। लेकिन इस प्रस्ताव का कांग्रेस ने जमकर विरोध किया। उनका कहना था कि जब पूरे महाराष्ट्र में सूखा है और मुंबई में पहले से ही 10% पानी की कटौती और कम प्रेशर से पानी आ रहा है, तो ऐसे में सड़कें धोने के लिए लाखों लीटर पानी बर्बाद करना गलत है। जिसके बाद स्थायी समिति ने यह प्रस्ताव खारिज कर दिया।




