Breaking Newsमुंबई
मढ़ में 350 से अधिक बंगलों को नोटिस क्राइम ब्रांच की जांच में अब 209 मिले अवैध नोटिस देकर मनपा ने रोकी कार्रवाई

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। बीएमसी के पी उत्तर विभाग के अंतर्गत आने वाले मढ़ मार्वे में बीएमसी ने 350 से अधिक बंगलों को नोटिस दिया है लेकिन इन बंगलों पर बीएमसी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से सवाल उठने लगे हैं। मढ़ में सीआरजेड नियमों का उल्लंघन कर बड़ी संख्या में बंगले और स्टूडियो का निर्माण किया गया था। मनपा अधिकारियों के नाक के नीचे किए गए अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गठित की गई एसआईटी ने मनपा को 209 बंगले तोड़ने के पत्र लिखा है। (Bmc Given Notice to more than 350 bungalows in Madh, 209 found illegal in Crime Branch investigation)
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएमसी पी उत्तर विभाग के अधिकारियों को अवैध रूप से बंगले बनाए जाने की पूरी जानकारी होते हुए भी नोटिस देने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की। मुंबई क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने बंगलों की जांच शुरू की थी। इसके लिए चार टीमें बनाई गई थी। एसआईटी ने अब तक की जांच में पाया कि 209 बंगले नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए हैं। एसआईटी ने मनपा को पत्र लिखकर इन बंगलों को तोड़ने के लिए कहा है। क्राइम ब्रांच सूत्रों ने कहा कि अन्य बंगलों की जांच की जा रही है।
बीएमसी ने 5 अप्रैल को मढ़ में 2000 वर्गफीट में बनाए गए अवैध रुपवीर बंगले को तोड़ दिया था। यह बंगला रूप भरत सिंह का था। लेकिन ऐसे सैंकड़ों बंगले बनाए गए, बीएमसी की तरफ से नोटिस दी गई। उसके बाद कार्रवाई रोक दी गई। कार्रवाई रोकने में मनपा के ऊपर राजनीतिक दबाव था या फाइनेंसियल डील इसकी भी जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। इससे पहले बंगलों का गलत माप करने के आरोप में दो अधिकारियों को निलंबित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद चार्जशीट भी प्रस्तुत कर दी है। जांच में पता चला कि बंगलों को बनाने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मनपा अधिकारियों के साथ बंगला मालिकों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।