ठाणे की पहली मेट्रो – मेट्रो मार्ग 4/4ए पर तकनीकी जांच और ट्रायल रन की सफल शुरुआत
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री शिंदे के हाथों की गई शुरूआत

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA ) द्वारा ठाणे की पहली मेट्रो मार्ग 4 और 4ए के प्रथम चरण के चार स्टेशनों के बीच सोमवार को तकनीकी जांच और ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रमुख उपस्थिति में यह ऐतिहासिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी भी उपस्थित थे। (Successful commencement of technical checks and trial runs on Thane’s first Metro – Metro route 4/4A)
मेट्रो ट्रेन की विशेषताएं
इस मार्ग पर चलने वाली 6 डिब्बों की मेट्रो में यात्रियों के लिए आधुनिक ट्रेन कंट्रोल एंड मैनेजमेंट सिस्टम, यात्री आपातकालीन संपर्क सिस्टम, स्वचालित अग्निशमन पहचान प्रणाली, अवरोध पहचान उपकरण, आपातकालीन दरवाज़े और सुरक्षित निकास की व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा और सूचना प्रणाली, 30% बिजली की बचत करने वाली पुनरुत्पादक ब्रेकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
– कुल लंबाई : 35.20 किमी (मार्ग 4 – 32.32 किमी, मार्ग 4ए – 2.88 किमी)
– कुल स्टेशन : 32
– परियोजना लागत : ₹15,498 करोड़ (मार्ग 4 – ₹14,549 करोड़, मार्ग 4ए – ₹949 करोड़)
– दैनिक अनुमानित यात्री संख्या (2031) : 13.43 लाख
– मोघरपाड़ा डिपो : 45.5 हेक्टेयर (मार्ग 4, 4ए, 10 और 11 के लिए संयुक्त सुविधा)
– ट्रेन संरचना : 6 डिब्बों की मेट्रो
– प्लेटफॉर्म संरचना: शुरुआत में 8 डिब्बों की मेट्रो के लिये लंबा प्लेटफॉर्म होगा। पूर्व उपनगर, पश्चिम उपनगर, मुंबई और ठाणे को जोड़ने वाला तेज मार्ग
इसका विस्तार – दक्षिण में मार्ग 11 (वडाला– सीएसएमटी उत्तर में मार्ग 4ए (कासारवडवली–गायमुख) और मार्ग 10 (गायमुख–मीरा रोड) तक होगा। परियोजना के पूरा होने पर 58 किमी एलिवेटेड मार्ग – देश का सबसे बड़ा, 21.62 लाख दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा।
इंटरचेंज स्टेशन:
* गायमुख – मेट्रो मार्ग 10
* डोंगरीपाड़ा – ठाणे रिंग मेट्रो
* कापुरबावड़ी – मेट्रो मार्ग 5
* गांधी नगर – मेट्रो मार्ग 6
* सिद्धार्थ कॉलोनी – मेट्रो मार्ग 2बी
* भक्ति पार्क – मेट्रो मार्ग 11 और मोनोरेल
इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि
आज ठाणेकरों के लिए अत्यंत ऐतिहासिक क्षण है। शहर को पहली बार अपनी स्वयं की मेट्रो सेवा प्राप्त हो रही है, जो प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। भारत के सबसे बड़े 58 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर की यह शुरुआत है, जो आगे वडाला से सीएसएमटी और उत्तर में मीरा रोड तक जोड़ा जाएगा। इससे मुंबई के उपनगरों को नई कनेक्टिविटी, नए आर्थिक अवसर और रोजगार प्राप्त होंगे। मेट्रो मार्ग 4 और 4ए केवल एक परिवहन साधन नहीं है, बल्कि पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए विकास को गति देने वाला है। इस मार्ग की कुल लंबाई 35 किलोमीटर है, जिसमें 32 स्टेशन प्रस्तावित हैं। संपूर्ण मार्ग शुरू होने के बाद प्रतिदिन 13 लाख 43 हज़ार से अधिक यात्री मेट्रो का लाभ लेंगे। यात्रा का समय 50 से 75 प्रतिशत तक कम होगा, सड़कों पर जाम से बड़ी राहत मिलेगी और नागरिकों को पर्यावरण–अनुकूल, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन ठाणे के इतिहास का एक सुवर्ण क्षण है। वर्ष 1853 में ठाणे से पहली रेलगाड़ी चली थी और आज लगभग 172 साल बाद ठाणे से पहली मेट्रो दौड़ रही है, जो ठाणेकरों के लिए गर्व की बात है। इस मार्ग से ठाणे शहर को मुंबई और उपनगरों से अखंड रूप से जुड़ाव मिलेगा। इस मार्ग की विशेषता यह है कि यह केवल ठाणे और मुंबई तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में विस्तार के साथ यह मीरा-भायंदर, कल्याण, भिवंडी जैसे महत्वपूर्ण शहरों को भी जोड़ेगा।