महायुति ने की बीएमसी के चार वैधानिक समितियों के अध्यक्षों की घोषणा, प्रभाकर शिंदे, जयश्री शिरवडकर, तृष्णा विश्वासराव और संध्या दोषी बनेंगी अध्यक्ष
चारों ने दाखिल किया पर्चा, विपक्ष की तरफ से नहीं उतारें जाएंगे उम्मीदवार

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। मुंबई महानगरपालिका महापौर चुनाव के बाद आज मनपा की चार प्रमुख वैधानिक समितियों के नामों की घोषणा भाजपा और शिवसेना ने की है। भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक प्रभाकर शिंदे को स्थायी समिति, जयश्री शिरवडकर को शिक्षा समिति, शिवसेना शिंदे की वरिष्ठ नगरसेविका तृष्णा विश्वासराव को बेस्ट समिति और संध्या दोषी ने सुधार समिति अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को पर्चा दाखिल है।
अब तक कयास लगाए जा रहे थे कि महायुति की तरफ से समितियों के अध्यक्ष कौन होंगे। नामांकन दाखिल करने के बाद चारों समितियों के अध्यक्ष पद के लिए महायुति के वरिष्ठ एवं अनुभवी नगरसेवकों को तरजीह दी गई है। महापौर के समय विपक्ष की तरफ से नामांकन नहीं किया गया था। जैसी की उम्मीद थी कि समिति अध्यक्ष के चुनाव में शिवसेना उबाठा की तरफ से उम्मीदवार उतारें जाएंगे लेकिन उन्होंने स्पष्ट कि इस वर्ष उनकी तरफ से किसी संवैधानिक अथवा विशेष समिति के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस के गुट नेता अशरफ आजमी ने बताया कि यदि शिवसेना उबाठा की तरफ से अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार उतारा जाएगा तो हम उनका समर्थन करेंगे लेकिन अभी तक उनकी तरफ से उम्मीदवार उतारने को लेकर कोई सूचना नहीं दी गई है।
बुधवार को नामांकन करने के बाद शुक्रवार 20 फरवरी को शिक्षा और स्थायी समिति और 23 फरवरी को बेस्ट तथा सुधार समिति का चुनाव होगा। हालांकि यह चुनाव भी निर्विरोध होने की संभावना है क्योंकि विपक्ष की तरफ से उम्मीदवार नहीं उतारा जाएगा। मनपा के एक वरिष्ठ मनपा अधिकारी ने बताया कि शाम 6 बजे तक नामांकन करने का समय था। लेकिन विपक्ष की तरफ से किसी भी दल का नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।
7 विशेष समितियों के अध्यक्ष पद का भी होगा बंटवारा मनपा की चार वैधानिक समितियों के अलावा 7 विशेष समितियों में भी इसी तरह आपस में समिति अध्यक्ष पद का बंटवारा कर सत्ता चलाई जाएगी। इसके अलावा मनपा की प्रभाग समितियों में जिस पार्टी के नगरसेवकों की संख्या ज्यादा है उसका अध्यक्ष चुना जाना तय है।




