मुंबई में बीती रात तीन हादसे एक की मौत,पांच घायल
निजी सोसायटियों के बाद वृक्षों की बीएमसी करेगी नि:शुल्क छंटाई

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। मुंबई में बीती रात भारी बारिश के कारण हुए तीन हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। इस बीच मुंबई महानगरपालिका ने निजी सोसायटियों में पेड़ों की छंटाई नि: शुल्क करने का निर्णय लिया है। मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार के निर्देश पर बीएमसी ने पेड़ों की छंटाई करने के निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले सोमवार को चेंबूर में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। ( One dead, five injured in three accidents in Mumbai)
बीएमसी आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बुधवार रात रफी अहमद किदवई नगर पुलिस स्टेशन के पास रात 8.22 बजे एंगल को-ऑपरेटिव सोसायटी का एक गुलमोहर का पेड़ चार रोड दो बाईक सवार पर गिर गया। दोनों घायलों को केईएम अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने रमजान निशाद (27) को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल हुए बालकृष्ण कुराई (33) का इलाज किया जा रहा है।
इसी तरह चेंबूर के ठक्कर बप्पा कालोनी सीएसटी रोड पर पेड़ की शाखा गिर गई। सड़क पर पैदल चल रहे हितेश शेरसामा (22) जयेश बोरा (22) उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों का राजावाडी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक अन्य हादसे में भायखला पश्चिम बदलू रामगिरी स्ट्रीट स्थित अशरफी मंजिल की बालकनी का हिस्सा गिर जाने से दो महिलाएं घायल हो गई हैं। खुशमा खातून (33) और नाजिया खान (35) को नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने नाजिया खान की हालत बहुत गंभीर बताई है।
बीएमसी द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में कहा गया है कि मुंबई में पेड़ गिरने से होने वाले हादसों को रोकने के लिए बीएमसी उद्यान विभाग अब निजी सोसायटियों में पेड़ों की छंटाई करेगा। निजी जमीन के पेड़ बीएमसी की सड़कों पर झुके रहते हैं जो मानसून के समय खतरा बन जाते हैं। बीएमसी मानसून पूर्व अपनी सीमा के भीतर पेड़ों की छंटाई पूरी कर चुकी है।