आगमन को दौरान कुर्ला में गिरी गणेश प्रतिमा, दो लोग घायल

मुंबई, 8 सितंबर। मुंबई में गणेश प्रतिमा के आगमन के दौरान प्रतिमाओं के गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं। भुलेश्वर में 22 फुट की विशाल प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मृत्यु के 16 दिन बाद, अब कुर्ला में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है। कुर्ला शीतल तालाब के पास 15 फीट प्रतिमा गिरने से दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। (Ganesh Idol Falls During Arrival Procession in Kurla, Two Injured)
पिछले माह 23 अगस्त की रात भुलेश्वर में ‘भुलेश्वरचा राजा’ की 22 फुट ऊंची प्रतिमा को भायखला से लाया जा रहा था। कबूतरखाना, जय अंबे चौक के पास प्रतिमा के पीछे का वेल्डिंग सपोर्ट टूटने से प्रतिमा आगे की ओर गिर गई। इस हादसे में मंडल के अध्यक्ष संकेत नेवशे (33) और बृजेश जोशी (30) की मृत्यु हो गई थी, जबकि 5 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ताजा घटना आज रात 9.45 बजे एलबीएस रोड, शीतल तालाब, कुर्ला (पश्चिम) के पास हुई। पुलिस के अनुसार धारावी के एक गणेश मंडल की प्रतिमा को विद्याविहार से धारावी ले जाया जा रहा था। शीतल तालाब के पास ट्रक पर रखी प्रतिमा का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई।
इस हादसे में दो युवक मामूली रूप से घायल हो गए –
1. संतोष जायसवाल (28 वर्ष) – कुर्ला भाभा अस्पताल में उपचार
2. रोहित जायसवाल (25 वर्ष) – हबीब अस्पताल में उपचार
दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मंडल के प्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को शीतल तालाब में ही विसर्जित कर दिया।लगातार हो रही इन घटनाओं से एक ही सवाल उठ रहा है कि क्या बड़ी और भारी प्रतिमाओं के परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है? पुलिस और मनपा ने मंडलों से अपील की है कि प्रतिमा ले जाते समय लोहे के मजबूत फ्रेम, वेल्डिंग की जांच और पर्याप्त स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।




