Breaking News

राज्य में 29 सितंबर को एक हजार जगहों पर रोजगार महाकुंभ, मंत्री मंगल प्रभात लोढा की युवाओं से शामिल होने की अपील

आईएनएस न्यूज नेटवर्क

मुंबई। राज्य के युवाओं को रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल्य, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग की ओर से 29 सितंबर को पूरे महाराष्ट्र में एक हजार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इस ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ महाराष्ट्र’ मेले में युवाओं को बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील कौशल्य विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने की है। (Rozgar Mahakumbh’ (Mega Job Fair) to be held at 1,000 locations across the state on September 29; Minister Mangal Prabhat Lodha appeals to youth to participate)

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के ‘लोकसंवाद-2026’ अभियान के तहत गणेशोत्सव के जरिए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। इसी पहल के तहत मुंबई शहर और मुंबई उपनगर के विभिन्न गणेश मंडलों में नागरिकों से संवाद कर रोजगार मेलों और उपलब्ध नौकरियों के बारे में जानकारी दी गई।

मलबार हिल स्थित मीनल क्रीडा मंडल में आयोजित कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष प्रशांत जाधव, उपाध्यक्ष निंगेश कोरे, राजीव मेहता, सागर पेंढारक, आयेशा कुरैशी सहित अन्य पदाधिकारी और भक्तगण मौजूद थे। इस दौरान मुंबई शहर जिले के रोजगार मेलों के बारे में कौशल्य विकास अधिकारी विद्या शिंगे, समन्वयक अजय कांबले और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विभागीय संपर्क अधिकारी संध्या गरवारे, श्रद्धा मेश्राम और अश्विनी पुजारी ने नागरिकों को महाकुंभ की जानकारी दी।

राज्य के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर दिलाने के उद्देश्य से ये मेले आयोजित किए जा रहे हैं। हर तालुका में होने वाले इस मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न कंपनियों और उद्योगों में नौकरियों की जानकारी मिलेगी।

*सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं का प्रचार*

सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग की ओर से अनुसूचित जाति, नवबौद्ध, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और अन्य कमजोर वर्गों के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी गई। मैट्रिकोत्तर, सावित्रीबाई फुले और राजर्षि शाहू महाराज छात्रवृत्ति के जरिए छात्रों को शैक्षणिक मदद, स्वाधार और सरकारी हॉस्टल योजना से रहने की सुविधा, रमाई आवास योजना से घर के लिए आर्थिक मदद और मुख्यमंत्री वयोश्री व संजय गांधी निराधार योजना से वरिष्ठों और निराधारों को सहारा दिया जा रहा है।

*महिला एवं बाल विकास योजनाएं*

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, आदर्श आंगनवाड़ी, बेबी केयर किट, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी सेवाओं के जरिए पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा दी जाती है। महिलाओं के लिए हेल्पलाइन 155209 और बच्चों के लिए 1098 की सुविधा के बारे में भी बताया गया।

गणेशोत्सव के मौके पर बड़ी संख्या में नागरिक एक जगह एकत्र होते हैं, इसलिए मंडपों में जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे पहुंचाने के इस ‘लोकसंवाद’ अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button