मुंबई कोस्टल रोड पर ओवरस्पीड रोकने के लिए हर 10 मीटर पर लगेंगे स्पीड रंबलर और 21 हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। रविवार को हुए भीषण हादसे में तीन लोगों की मृत्यु के बाद मुंबई ‘कोस्टल रोड’ पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार फिर चर्चा में है। तेज रफ्तार, लेन अनुशासन तोड़ना और ड्रंक एंड ड्राइव जैसी समस्याओं पर लगाम लगाने के लिए मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक हुई। बैठक में गति नियंत्रण के लिए दो बड़े फैसले लिए गए। (To control speed and prevent overspeeding on the Mumbai Coastal Road, speed rumble strips will be installed every 10 meters, along with 21 high-resolution cameras)
हर 10 मीटर पर स्पीड रंबलर लगेगा
कोस्टल रोड पर वाहनों की गति अपने आप नियंत्रित करने के लिए पूरे रूट पर हर 10 मीटर की दूरी पर स्पीड रंबलर / रंबल स्ट्रिप्स लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे ड्राइवर को कंपन महसूस होगा और गाड़ी की स्पीड ऑटोमेटिक कम होगी। अधिकारी के अनुसार जिस जगह दुर्घटना हुई वहां गति नियंत्रण के लिए हर 10 मीटर पर रंबलर लगाए जाएंगे।
21 हाई रिजॉल्यूशन कैमरे
वर्तमान में कोस्टल रोड टनल में सात कैमरे लगाए गए हैं। मरीन ड्राइव से वर्ली की तरफ जाने वाले टनल में 3 और अमरसन्स इंटरचेंज पर 4कैमरे हैं। दूसरी लेन पर एक भी कैमरा नहीं है। अब 10 करोड़ की लागत से 21 नये। हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जाएंगे।
मनपा अधिकारी के अनुसार मौजूदा कैमरों की सबसे बड़ी खामी यह है कि वे 170 किमी प्रति घंटा से ज्यादा स्पीड नोट ही नहीं कर पाते और उनमें स्पीड डिटेक्शन और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम भी नहीं है, जिससे कार्रवाई मुश्किल हो रही थी।
अब BMC 21 नए अत्याधुनिक हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाएगी। इसके बाद कुल संख्या 28 हो जाएगी। इन सभी कैमरों का सीधा कंट्रोल ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम के पास होगा। ओवरस्पीड गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन होते ही सीधे ऑनलाइन ई-चालान कट जाएगा।




