Breaking News

खार में तेज रफ्तार कार का कहर: पति की मौत, पत्नी घायल; 71 वर्षीय चालक पर केस

सीडी रोड और 16वें रोड जंक्शन पर हादसा, कार के नीचे फंस गया बाइक सवार

आईएनएस न्यूज नेटवर्क

मुंबई। मुंबई के खार (पश्चिम) में तेज रफ्तार कार ने एक बड़ा हादसा कर दिया। 28 सितंबर को शाम करीब 4.15 से 4.30 बजे के बीच सी.डी. रोड और 16वें रोड जंक्शन पर एक सफेद कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 41 वर्षीय इयाप्पन सेल्वराज हरीजन की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नैंसी (37) घायल हो गईं। इसी कार की टक्कर से एक अन्य स्कूटी चालक भी घायल हुआ है, जिसके हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।(Speeding car wreaks havoc in Khar: Husband dead, wife injured; case registered against 71-year-old driver)

कैसे हुआ हादसा?
खार पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता नैंसी इयाप्पन हरीजन अपने पति के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MH 02 FZ 1444 से बांद्रा की ओर जा रही थीं। उनके पति ने हेलमेट पहना हुआ था।

नैंसी ने शिकायत में बताया कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद कार क्रमांक MH 01 ER 2822 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नैंसी सड़क पर गिर गईं, जबकि उनके पति बाइक समेत कार के नीचे फंस गए।

लोगों ने कार उठाकर निकाला बाहर
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मिलकर कार को उठाया और इयाप्पन को बाहर निकाला। उनके सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें थीं, कान के पास से खून निकल रहा था। नैंसी के हाथ में भी चोट आई थी। दोनों को तुरंत ऑटो रिक्शा से भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इयाप्पन को मृत घोषित कर दिया।

71 साल के चालक पर केस
पुलिस ने कार चालक की पहचान सुधीर सिताराम सावंत (71) के रूप में की है। खार पुलिस ने BNS की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत), 125(a), 125(b) (लापरवाही से चोट पहुंचाना), 324(4), 281 (तेज और लापरवाही से वाहन चलाना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। खार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए ।

 

Related Articles

Back to top button