14 फीट से ऊंचे झोपड़ों पर BMC की कार्रवाई पर रोक, भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की पहल पर आयुक्त ने दिया आश्वासन

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। मुंबई में 14 फीट से अधिक ऊंचाई वाले झोपड़ों पर मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा की जा रही कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस मामले में मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम की पहल के बाद यह निर्णय लिया गया है। बीएमसी ने 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच 14 से ऊंचे झोपड़ों को स्वयं तोड़ लें अथवा बीएमसी द्वारा तोड देने की चेतावनी दी गई थी। जिसके बाद सभी राजनीतिक दलों में खलबली मच गई थी। (BMC action against huts taller than 14 feet halted; Commissioner gives assurance following initiative by BJP President Amit Satam)
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से शहर के कई इलाकों में 14 फीट से ऊंचे झोपड़ों पर मनपा के अतिक्रमण विभाग द्वारा नोटिस और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इससे झोपड़पट्टियों में रहने वाले हजारों गरीब परिवारों में दहशत का माहौल बन गया था। लोगों का कहना था कि जहां वे सालों से रह रहे हैं, वह जगह अब अचानक स्पॉट बनाकर कार्रवाई की जा रही है। मनपा ने अब तक 1000 से अधिक झोपड़ा धारकों को नोटिस भेजा है।
इसी कड़ी में मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने स्वयं मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे से सीधे बात की। उन्होंने आयुक्त के सामने झोपड़पट्टीवासियों का पक्ष रखा और कहा कि बरसात के मौसम में और बिना पुनर्वास की व्यवस्था के किसी भी गरीब के घर पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
अमित साटम ने बताया, “आप बहुत देर से जागे हैं। इस मामले में सदन के नेता गणेश खणकर पहले ही आयुक्त को पत्र लिख चुके हैं। मैंने खुद आयुक्त से बात की है और यह स्पष्ट कर दिया गया है कि मुंबई महानगरपालिका की ओर से 14 फीट वाले मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की जाएगी।”
आयुक्त ने इस पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित विभाग को कार्रवाई स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। इस निर्णय से झोपड़पट्टियों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
भाजपा का कहना है कि वह हमेशा गरीबों और झोपड़पट्टीवासियों के साथ खड़ी है और किसी भी परिस्थिति में उनके घरों पर अन्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। पार्टी ने यह भी कहा है कि विकास के नाम पर गरीबों को उजाड़ने की नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




