मुंबई. शिवसेना में रहते हुए मुझे चारदीवारी में कैद करने की कोशिश की गई.पार्टी के बैनर पर हमारी फोटो लगानी बंद कर दी गई. एक दिन मैं उद्धव को कार से बाहर ले गया. होटल ओबेरॉय में हमने उन्हें सामने बिठाया. यह मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की कसम खाकर कह रहा हूं. हमने उससे कहा कि बोलो तुम क्या चाहते हो, तुम पार्टी अध्यक्ष बनना चाहते हो बनो, अगर कल सत्ता आती है, तुम मुख्यमंत्री बनना चाहते हो बनो, जो कुछ भी आप चाहते हैं, वहीं करो लेकिन मुझे बताएं कि मेरा काम क्या है.हमने कहा कि केवल प्रचार के समय हमारा इस्तेमाल मत करो. हमारे प्रचार के बाद जो लोग चुन कर आएंगे उन्हें जिम्मेदारी नहीं देना चाहते तो मैं अगली बार कौनसा मुंह लेकर प्रचार के जाऊंगा. वहां पर सब ठीक हो गया लेकिन जब मैं बालासाहेब के पास गया उन्हें बताया कि सबकुछ ठीक हो गया है.वे बोले उद्धव को बुलाओ लेकिन उद्धव मातोश्री के बाहर चले गए.आज शिवाजी पार्क में मनसे की स्थापना दिवस पर हुई सभा में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे से मनमुटाव की बात को सार्वजनिक कर दिया.
माहिम में बन रहा नया हाजी अली, समुद्र में बनायी मजार
राज ठाकरे ने कहा कि माहिम के मखदूम शाह दरगाह के पास समुद्र में अवैध रुप से मजार का निर्माण कर नया हाजी अली बनाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने सरकार एवं पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक माह के अंदर अवैध मजार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गयी तो हम उसके बगल में भव्य दिव्य गणेश मंदिर का निर्माण करेंगे.
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने गुढीपाडवा पर आयोजित सभा को संबोधित करने के दौरान लोगों को एक वीडियो दिखाया. जिसमें महदूम शाह दरगाह के पास ही समुद्र में मजार दिख रही थी, वीडियों में कुछ लोग दरगाह पर धार्मिक कार्य करते भी दिखाई दिए. राज ठाकरे ने कहा कि दो साल के अंदर अवैध रुप से मजार का निर्माण कर माहिम में नया हाजी अली बनाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि जहां पर अवैध निर्माण हुआ है उसके नजदीक ही माहिम पुलिस स्टेशन है. फिर भी अनदेखी की गयी. ठाकरे ने कहा कि हमारे पास सेटेलाईट फोटो भी है जिसमें कहीं भी मजार नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ,उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई पुलिस आयुक्त ,मनपा आयुक्त को संबोधित करते हुए कहा कि एक माह के अंदर अवैध हाजी अली के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. नहीं तो हम वहीं गणेश मंदिर का निर्माण करेंगे.
मनसे को खत्म पार्टी कहने वाले आज कहां हैं
दादर के शिवाजी पार्क में सभा में राज ठाकरे ने भीड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कई लोगों ने कहा था कि मनसे खत्म हो चुकी पार्टी है, जिन्होंने यह बोला आज उनकी स्थिति क्या है ? हम पिछले दो वर्षों में महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति को देख रहे हैं. राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे एवं एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवसेना पार्टी बहुतों के पसीने से बनी है. इस संस्था की क्या अवस्था हो गई. एक धनुष बाण संभाल नहीं पाया दूसरा संभाल पाता है कि नहीं कुछ नहीं कहा जा सकता.
कभी नहीं बनना चाहता था पार्टी प्रमुख
राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि मैं शिवसेना नहीं छोड़ना चाहता था. हालांकि, मेरे सामने ऐसी स्थिति आई कि मुझे फैसला लेना पड़ा. पहली बार राज ठाकरे ने साफ तौर पर कहा है कि उद्धव ठाकरे की वजह से मेरे अलावा कईयों को शिवसेना छोड़नी पड़ी. उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में मैंने इसी शिवतीर्थ पर पार्टी की स्थापना की. उस समय क्या हुआ, कैसे हुआ, इस पर कीचड़ नहीं उछालना चाहता था. कुछ झूठ फैलाया गया. यह सब झूठ है कि राज ठाकरे शिवसेना पार्टी प्रमुख का पद चाहते थे. हमारे मन में ऐसे विचार भी कभी नहीं आया था.
नारायण राणे के शिवसेना छोड़ने का खुलासा
राज ठाकरे ने कहा कि नारायण राणे शिवसेना नहीं छोड़ते. मैंने बालासाहेब को फोन किया, उनसे कहा कि राणे की इच्छा नहीं है उन्हें मत जाने देना. उन्होंने मुझे राणे को घर लाने के लिए कहा. मैंने नारायण राव को फोन किया और वे मातोश्री आने के लिए राजी हो गए. 5 मिनट बाद बालासाहेब का फोन आया. उन्होंने कहा कि राणे को मत बुलाओ. हमे लगा कि इसके पीछे कोई बात कर रहा था. हमें राणे को कहना पड़ा कि अब वहां नहीं जाना है. इस तरह की अनेक बातें हैं जिसे मैं सार्वजनिक नहीं करना चाहता हूं.
तुरंत होने चाहिए विधानसभा चुनाव
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए कहा कि पहली बार देखा है कि सरकार अदालत के फैसले पर निर्भर हो गई है. एकनाथ शिंदे की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद पर बैठने के बाद अपने दायित्व का निर्वहन करिए. एक के पीछे एक सभाओं में उलझे नहीं रहो.उन्होंने सभी राजनीतिक दलों का आह्वान करते हुए कहा कि तुरंत विधान सभा का चुनाव कराओ सब कुछ अपने आप ठीक हो जाएगा.
मस्जिदों के लाउडस्पीकर हटाने पर ठाकरे अड़े
राज ठाकरे ने कहा कि मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर हटाने की हमारी भूमिका में कोई बदलाव नहीं आया है. लाउडस्पीकर हटाने ही पड़ेंगे. मैं जल्द ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिल कर इस विषय में बात करूंगा.