Breaking Newsमुंबईराजनीति

धारावी से कांग्रेस की विधानसभा सीट खतरे में, तीन पूर्व नगरसेवकों ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, शिवसेना शिंदे गुट में हुए शामिल

शिंदे गुट गुट के पास मुंबई में हुए 26 पूर्व नगरसेवक

आईएनएस न्यूज नेटवर्क

मुंबई. मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ( Mumbai Congress president Varsha Gaikwad) की धारावी विधानसभा सीट खतरे में आ गई है. वर्षा गायकवाड के करीबी धारावी (Dharavi) के तीन पूर्व नगरसेवकों ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर शिवसेना शिंदे गुट (ShivSena Shinde Faction) में शामिल हो गए.

आगामी लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां जमकर तैयारियां कर रही हैं. इंडिया आघाड़ी आगामी चुनाव में एनडीए को दुविधा में फंसाने की रणनीति बना रही है. बीएमसी चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने भी अपनी हलचल तेज कर दी है. इस हलचल के बीच मुंबई में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड की कार्यपद्धति से नाराज़ धारावी के तीन पूर्व नगरसेवकों ने पार्टी से इस्तीफा देकर शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो गए.

मुंबई कांग्रेस ने 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस पर एक बैठक बुलाई थी. इस बैठक से कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी और नेता नदारद रहे. इसके बाद पार्टी की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इस बीच नोटिस जारी होने के बाद पार्टी नेताओं में नाराजगी के स्वर उभर आए हैं. इसके चलते मुंबई कांग्रेस की पूर्व नगरसेविका पुष्पा कोली,  गंगा कुणाल माने, बब्बू खान ने इस्तीफा दे दिया. कांग्रेस पदाधिकारी भास्कर शेट्टी ने भी इस्तीफा दे दिया है.

धारावी में मजबूत हुआ शिंदे गुट

धारावी में शिंदे गुट लगातार मजबूत हो रहा है. इससे पहले एनसीपी की नगरसेविका रेशमा बानो वकील अहमद पार्टी छोड़ कर शिंदे गुट में शामिल हुई थीं. कांग्रेस की पूर्व नगरसेविका गंगा माने, पुष्पा कोली, नगरसेवक बब्बू खान भी शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं. इससे जहां वर्षा गायकवाड के चुनाव जीतने पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है वहीं मुंबई कांग्रेस में उनके नेतृत्व को भी चुनौती मिलने लगी है. चांदीवली से कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक वाजिद कुरेशी भी शिंदे गुट में शामिल हो गए. इससे नसीम खान की स्थिति कमजोर होगी.

शिवसेना शिंदे गुट के पास शुरुआत में मुंबई के केवल पांच नगरसेवक थे, लेकिन अब मुंबई में भी शिंदे गुट अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है. मुंबई शिंदे गुट में शामिल होने वाले पूर्व नगरसेवकों की संख्या 26 हो गई है. शिवसेना उद्धव गुट के अलावा एनसीपी और कांग्रेस के नगरसेवक भी शिवसेना में शामिल हो रहे हैं. इसका फायदा मुंबई मनपा चुनाव में शिवसेना शिंदे गुट को मिल सकता है. सीट बंटवारे के समय मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भाजपा से मोलभाव कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button