Breaking Newsमुंबई

आज से बंद हो जाएगा 125 वर्ष पुराना एलिफिस्टन ब्रिज, ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के लिए जारी की एडवाइजरी

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई। मध्य मुंबई के परेल और प्रभादेवी को जोड़ने वाला 125 वर्ष पुराने एलिफिस्टन ब्रिज आज से यातायात के लिए बंद कर दिया जाएगा। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिज बंद करने और ट्रैफिक डाइवर्जन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। शिवडी से वर्ली तक बनाए जा रहे एलीवेटेड कनेक्टर के निर्माण के लिए ब्रिज को तोड़ा जाएगा। वहां पर डबल डेकर ब्रिज बनेगा। इसका निर्माण मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण ( MMRDA) कर रहा है। (The 125 year old Elphinstone Bridge will be closed from today, traffic police issued advisory for traffic)
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कनेक्टर  कार्य से होने वाले जोखिम, व्यवधान और असुविधा से बचने के लिए यातायात प्रबंधन हेतु अस्थायी वैकल्पिक मार्गों की पहचान की गई है। यह नया यातायात प्लान शुक्रवार 12 सितंबर, 2025 की रात 11:59 बजे से लागू होगा।
पूर्व से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों के लिए तिलक ब्रिज, करी रोड ब्रिज और चिंचपोकली ब्रिज को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही, पश्चिम से पूर्व की ओर जाने वालों के लिए भी कुछ समय के लिए इन पुलों का उपयोग अनिवार्य होगा।  करी रोड रेलवे ब्रिज पर सुबह और दोपहर के कुछ घंटों के दौरान एक दिशा में यातायात जारी रहेगा, जबकि रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक दोनों दिशाओं में यातायात खुला रहेगा।
यातायात की भीड़भाड़ से बचने के लिए, एन.एम. जोशी मार्ग, सेनापति बापट मार्ग, महादेव पालव मार्ग, साने गुरुजी मार्ग, भवानी शंकर मार्ग, राव बहादुर एस.के. बोले मार्ग और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग पर नो पार्किंग नियम लागू किए गए हैं। कुछ प्रमुख सड़कों पर दो-तरफ़ा यातायात की भी अनुमति होगी।
 नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। एक एम्बुलेंस प्रभादेवी रेलवे स्टेशन (पश्चिम) और दूसरी परेल रेलवे स्टेशन (पूर्व) पर उपलब्ध होगी। इसके साथ ही, मरीजों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। हालांकि इन बदलावों से कुछ दिनों तक परिवहन में असुविधा हो सकती है, लेकिन भविष्य में सुविधाजनक और तेज़ यात्रा के लिए यह योजना उपयोगी साबित होगी।
 एलिफिस्टन ब्रिज 13 मीटर चौड़ा है। कनेक्टर बनने के बाद इसे अटल सेतु (Atal Setu) से मुंबई कोस्टल रोड (Mumbai Costal Road) से जुड़ जाएगा जिससे नवी मुंबई आने जाने नागरिकों को भी बहुत लाभदायक साबित हो सकता है। नये डबल डेकर ब्रिज के निर्माण में 2 वर्ष का समय लगेगा। तब तक लोगों को वैकल्पिक मार्ग से यात्रा करनी होगी।

Related Articles

Back to top button