बोरीवली और कांदिवली स्टेशनों का होगा कायाकल्प : संजय उपाध्याय
रेल मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों ने किया दौरा, जनता से भी लिए जाएंगे सुझाव

आईएनएस न्यूज नेटवर्क
मुंबई, बोरीवली के भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशन को लेकर साल ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ( Aswini Vaishnav) से मुलाकात की थी। संजय उपाध्याय की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद रेल मंत्री अधिकारियों को निर्देश दिए थे। उसके बाद बोरीवली और कांदिवली रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास (Redevelopment) की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन का दौरा किया और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी योजना को अंतिम रूप देने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस बात की जानकारी बोरीवली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय उपाध्याय ने दी है। (Borivali and Kandivali stations to undergo transformation: Sanjay Upadhyay)
रेल मंत्री के निर्देश पर अधिकारियों का दौरा और विस्तृत चर्चा
विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के पश्चात, उन्होंने रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के वाइस चेयरमैन मनोज गर्ग और सीपीएम, मुंबई , डी.के. मिश्रा को बोरीवली और कांदिवली स्टेशन के पुनर्विकास प्लान को अंतिम रूप देने का आदेश दिया।
इसी कड़ी में आज दोनों अधिकारियों ने बोरीवली स्टेशन का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की गई, जिसमें स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने पर गहन चर्चा हुई।
पुनर्विकास योजना की मुख्य विशेषताएं
संजय उपाध्याय ने यह भी बताया कि यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है: रेलवे यात्रियों का स्टेशन पर आना-जाना पूरी तरह सुगम और सरल बनाया जाएगा।
वाहनों की कनेक्टिविटी
स्टेशन से बाहर निकलते या आते समय यात्रियों को टैक्सी, ऑटो-रिक्शा या उनके निजी वाहनों को लाने-ले जाने की सहज व्यवस्था मिलेगी।
आधुनिक सुविधाएं
स्टेशन पर पर्याप्त टिकट विंडो और साफ-सुथरे स्वच्छता गृह (Toilets) सुनिश्चित किए जाएंगे।
सभी प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर
यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्लेटफार्मों पर एस्केलेटर लगाए जाएंगे।
एकीकृत विकास (Integrated Development)
स्टेशन परिसर में अलग-अलग हिस्सों में फैली इमारतों को एकीकृत किया जाएगा, जिससे कम जगह में अधिक और बेहतर सुविधाएं लोगों को दी जा सकें।
भीड़ कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन बनेगा ‘हब’
बोरीवली स्टेशन पर यात्रियों के भारी दबाव और भीड़ को कम करने के लिए कांदिवली स्टेशन को एक ‘हब’ के रूप में विकसित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। इस संदर्भ में भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि,” सरकार कुछ अन्य जगहों पर भी भूमि अधिग्रहण (Land Acquisition) करने पर विचार कर रही है, ताकि बोरीवली-कांदिवली के उपनगरीय निवासियों को अधिकतम राहत और आसानी मिल सके।”
अगले हफ्ते लगेगा कैंप, जनता के सुझावों से बनेगा फाइनल प्लान
संजय उपाध्याय ने यह भी बताया कि इस योजना को पूरी तरह से जनता की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए समय-सीमा तय कर दी गई है:
10 दिनों की समय-सीमा:
आने वाले 10 दिनों में इस प्लान पर डिटेल वर्किंग की जाएगी, जिसके बाद दोबारा बैठक कर इसे अंतिम स्वरूप दिया जाएगा।
जनता से सुझाव
आने वाले हफ्ते में बोरीवली स्टेशन पर एक विशेष कैंप (Camp) लगाया जाएगा। इस कैंप के माध्यम से स्थानीय लोगों और यात्रियों से सुझाव लिए जाएंगे।
प्लान में समावेशन
जनता से मिलने वाले इन महत्वपूर्ण सुझावों और सूचनाओं को नए स्टेशन प्लान में समाविष्ट किया जाएगा, ताकि स्टेशन को और बेहतर बनाया जा सके।
संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना की और कहा कि,” मुलाकात के दूसरे ही दिन उन्होंने बोरीवली स्टेशन पुनर्विकास को लेकर न केवल बैठक बुलाई, बल्कि अधिकारियों को प्लान फाइनल करने का निर्देश भी दिया। अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों और जनता के सुझावों को शामिल करते हुए किया जा रहा यह कार्य वाकई काबिले-तारीफ है।”




