Breaking News

वायु प्रदूषण रोकने बीएमसी ने जारी किया नया एक्शन प्लान

बीएमसी का अधिकारियों को निर्देश सख्ती से हो पालन

इनसाइट न्यूज स्टोरी

मुंबई। मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए बीएमसी ने ‘वायु प्रदूषण नियंत्रण व कार्यान्वयन एक्शन प्लान-2026’ तैयार किया है। महापौर रितु तावडे, उपमहापौर संजय घाडी और आयुक्त अश्विनी भिडे के आदेश पर सभी 24 वार्डों के सहायक आयुक्तों को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। (BMC issues new action plan to curb air pollution )

हर वार्ड में 10 हॉटस्पॉट चिन्हित होंगे
नए प्लान के तहत हर प्रशासनिक विभाग में कम से कम 10 वायु प्रदूषण हॉटस्पॉट तय किए जाएंगे। इनकी लाइव लिस्ट और मैप बनाया जाएगा। बड़ी इमारतें, पुनर्विकास प्रोजेक्ट, मेट्रो-रोड के काम, कचरा जलाने की जगह, मलबा डंपिंग और ट्रैफिक जाम वाली जगहों को हॉटस्पॉट में शामिल किया जाएगा। हर हॉटस्पॉट के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी तय होगा।

निर्माण स्थलों पर सख्ती
निर्माण और तोड़क कार्रवाई पर 28 सूत्री गाइडलाइन सख्ती से लागू होगी। नियम तोड़ने पर शो-कॉज नोटिस, कामबंदी और सीलिंग तक की कार्रवाई होगी। हर टीम को रोज कम से कम 2 साइट की जांच करनी होगी। तोड़क काम के दौरान बैरिकेडिंग, ताडपत्री या हरे कपड़े से ढंकना और पानी का छिड़काव जरूरी होगा।

रास्तों की डीप क्लीनिंग
मानसून के बाद सड़कों पर जमी धूल और कीचड़ हटाने के लिए अक्टूबर के पहले दो हफ्तों में ‘पोस्ट-मानसून डीप क्लीनिंग ड्राइव’ चलेगी। सड़कों, डिवाइडर और चौक की सफाई होगी। जरूरत पड़ी तो रिसाइकल पानी से सड़कों को धोया जाएगा।

बिल्डर को अपनी साइट के आसपास की सड़क भी साफ रखनी होगी। 4000 sqm तक के प्रोजेक्ट के लिए 100 मीटर, 4000 से 10,000 sqm के लिए 200 मीटर और 10,000 sqm से बड़े प्रोजेक्ट के लिए दोनों तरफ 500 मीटर तक सड़क साफ रखना अनिवार्य होगा।

मलबा गाड़ियों पर GPS नजर
मलबा ले जाने वाली गाड़ियां पूरी तरह ढकी होनी चाहिए और सड़क पर आने से पहले टायर धोने होंगे। इसकी निगरानी Mumbai Debris Control and Tracking System (MDCTS) से होगी। RMC गाड़ियों से सीमेंट सड़क पर नहीं गिरना चाहिए।

कचरा जलाने और गाड़ियों के धुएं पर कार्रवाई
खुले में कचरा जलाने पर मार्शल और CCTV से नजर रखी जाएगी। जाम वाले रास्तों पर PUC चेकिंग अभियान चलेगा और धुआं छोड़ने वाली गाड़ियों पर कार्रवाई होगी।

AQI 200 पार तो GRAP लागू
AQI पर रोज नजर रहेगी। AQI 200 से ज्यादा होने पर इलाके में डीप क्लीनिंग, पानी का छिड़काव और मिस्टिंग होगी। अगर किसी स्टेशन पर लगातार 3 दिन AQI 300 से ऊपर रहा तो उसके 2 किलोमीटर के दायरे में सभी प्रदूषण फैलाने वाले काम बंद कर दिए जाएंगे। अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे ने सभी वार्डों को हर हफ्ते समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button